धड़ल्ले से चल रहा पीली मिट्टी खनन का कारोबार खनन माफिया बेखौफ, प्रशासन मौन

बाराबंकी: रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500

टिकैतनगर, बाराबंकी। घाघरा नदी के तटवर्ती गांवों में अवैध पीली मिट्टी का खनन का कारोबार तेजी से हो रहा है। गांवों में हो रहे पीली मिट्टी का खनन में सरकारी तंत्र अंकुश लगाने में नाकाम है। इससे मिट्टी के अवैध खनन से जुड़े खनन माफिया बेखौफ होकर कार्य को अंजाम दे रहे हैं। इससे किसानों के खेत तो खराब हो ही रहे हैं साथ ही तराई क्षेत्र की सड़कें भी क्षतिग्रस्त होती जा रही हैं। थाना टिकैतनगर क्षेत्र के उफरौली, जमीना, रामपुर हडाहा, रानीमऊ सेमरी व बेलखरा, खेतासराय, चिर्रा में रोजाना खनन माफियाओं द्वारा अवैध खनन किया जा रहा है। यही कारण है कि यहां पर बीते छह माह में हजारों बीघा भूखंड तालाबों में तब्दील हो गया है। ग्रामीणों की शिकायत पर अधिकारी संज्ञान लेना मुनासिब नहीं समझते हैं। जिससे खनन माफिया के हौसले बुलंद है। यहां पर खनन माफिया सुबह होते ही ट्रैक्टर-ट्रालियों से मिट्टी ढोने का काम शुरू कर देते हैं। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत कई बार की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। यहां पर रोजाना ट्रैक्टर-ट्रालियों से अवैध खनन होता है। उफरौली गांव में निजी उपयोग की आड़ में परमिशन लेकर मिट्टी की सप्लाई टिकैतनगर कस्बे में की जा रही है। खनन माफिया द्वारा धड़ल्ले से अवैध मिट्टी का खनन किया जा रहा है। खनन विभाग को इसकी भनक तक नहीं है। इस अवैध कारोबार में नियमों की अनदेखी कर मिट्टी उठाई जा रही है। जबकि पुलिस जानकारी न होने का हवाला देकर चुप्पी साधे हैं और मिट्टी लदे ट्रैक्टर ट्राली थाने के सामने से ही गुजरते हैं। स्थानीय पुलिस की नाक के नीचे चल रहे इस अवैध खनन पर खनन अधिकारियों से लेकर स्थानीय पुलिस तक ने आंखें बंद रखी हैं। जबकि यह खनन माफिया इतने बेखौफ हो गए हैं कि थाना के सामने दिन में ही मिट्टी भरे हुए ट्रैक्टर तेज रफ्तार सरपट भरते रहते है। न तो पुलिस की परवाह है और न ही प्रशासन का डर। इन अवैध मिट्टी की भरी ट्रालियों को 500 से लेकर 700 रुपये में बेचा जा रहा है। कोतवाल सुरेश पांडेय का कहना है कि मिट्टी के अवैध खनन की जानकारी नहीं है। अगर हो रहा है। तो जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।बाराबंकी: रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500

Don`t copy text!