सिरौलीगौसपुर, बाराबंकी। बच्चों को लेकर स्कूल जा रही एक मारुती वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में घुस गई। जिससे वैन में सवार बच्चे घायल हो गए। घायल बच्चों का सीएचसी सिरौलीगौसपुर में उपचार कराने के बाद परिजन घर लेकर चले गए। मंगलवार को बीपीएन इन्टर नेशनल एकेडमी महादेवा की स्कूली वैन बदोसरांय क्षेत्र से करीब एक दर्जन बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। रामनगर बदोसरांय मार्ग पर ग्राम पुरनिया के पास अचानक सामने से एक आटो आ गया। जिससे बचने के चक्कर में वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा घुसी। जिससे वैन में सवार कई बच्चे घायल हो गए। सबसे ज्यादा चोट बदोसरांय निवासी अबुबकर के चार वर्षीय पुत्र हमजा को लगी है। सीएनजी से संचालित वैन में यदि आग लग जाती तो बड़ा हादसा हो जाता। बताते चलें प्राईवेट स्कूलों द्वारा बिना कामर्शियल की अनफिट गाड़ियों से बच्चों की जान जोखिम में डालकर घर से लाने और छोड़ने का कार्य किया जा रहा है। कई बार ऐसे हादसे भी हो चुके हैं जिनमें बच्चों की जान भी जा चुकी है। किन्तु ज़िम्मेदारों की लापरवाही के कारण अवैध वाहनों पर रोक नहीं लग पा रही है।
नेवाज अंसारी संवाददाता एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)7268941211

