चीफ फार्मासिस्ट का सेवानिवृत्त के कई माह बाद भी नही हुआ देयक सम्बंधी भुगतान प्रशासनिक अधिकारी पर खर्चा पानी मांगने का आरोप, प्रमुख सचिव से शिकायत पांच लाख का है मामला, रिष्वत की डिमांड
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)9044641489
बाराबंकी। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा निर्देश उनके ही मातहत मानने को तैयार नही हैं। सीएम योगी के जीरो टॉलरेंस नीति को कुछ बेलगाम नौकरशाह गर्त मे ले जाने को आमादा हैं। आमजन के साथ ही विभागीय कार्मिक भी इसकी चपेट मे हैं। जानकारी के मुताबिक जिला महिला चिकित्सालय के सेवानिवृत्त चीफ फार्मासिस्ट रामचेत वर्मा ने प्रमुख सचिव को पत्र भेजकर देयक सम्बंधी करीब पांच लाख रुपए भुगतान न कराये जाने की शिकायत की है। पीड़ित शिकायतकर्ता रामचेत वर्मा ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव को अवगत कराया है कि वह जिला महिला चिकित्सालय बाराबंकी मे चीफ फार्मासिस्ट के पद पर रहते हुए विगत माह 31 जनवरी 2023 को सेवानिवृत्त हो चुका है। चिकित्सालय के सीएमएस ने नौ दिसंबर 2022 को पत्र के माध्यम से उसे बताया था कि सेवानिवृत्तिक उपरांत देयको के भुगतान सम्बंधी प्रपत्र प्रशासनिक अधिकारी को उपलब्ध करा दें, ताकि देयक भुगतान के सम्बंध मे कार्यवाही की जा सके। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के पत्र प्राप्ति के कुछ ही दिनों के भीतर पीड़ित ने जिला महिला चिकित्सालय के प्रशासनिक अधिकारी विनय कुमार पाण्डेय को समस्त सम्बंधित आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध करा दिये थे। पीड़ित ने पत्र मे बताया कि 30 दिसम्बर 2022 को कार्यालय महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी) द्वितीय उत्तर प्रदेश इलाहाबाद द्वारा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला महिला चिकित्सालय बाराबंकी को सम्बोधित पत्र की प्रतिलिपि उसे भी प्रेषित की गई है। इस पत्र मे जानकारी दी गई कि माह मार्च 2022 तक ब्याज सहित पांच लाख दो हजार 686 रूपया धनराशि मे आगे के वर्षों की कटौतियों, आहरण को सम्मिलित करते हुए अभिदाता को 90 प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित किया जाए, तत्पश्चात अंतिम भुगतान (10 प्रतिशत भुगतान) हेतु प्रकरण मूल पासबुक एवं अन्य सभी आवश्यक प्रपत्रों सहित पुनः इस कार्यालय को प्रेषित करें। साथ ही इस पत्र की छायाप्रति भी प्रेषित करें।
पीड़ित ने दर्जनों बार लगाया प्रशासनिक अधिकारी के चक्कर
पीड़ित रामचेत ने प्रमुख सचिव को भेजे गए पत्र में आगे बताया है कि उसके सेवानिवृत्तिक 31 जनवरी 2023 से अब तक करीब चार माह पूर्ण होने को हैं, लेकिन उसे कोई धनराशि नहीं उपलब्ध कराई गई है। दर्जनों बार जिला महिला चिकित्सालय जाकर प्रशासनिक अधिकारी विनय कुमार पाण्डेय से मिलकर उसका पैसा दिलाने हेतु निवेदन किया। प्रशासनिक अधिकारी का प्रत्येक बार का कहना है कि ऊपर के लोग बिना कुछ खर्चा पानी लिये काम नही करते हैं। कुछ सुविधा शुल्क दे दो, तो आपका काम जल्दी हो जायेगा। विभाग के उपेक्षित रवैय्ये से शिकायतकर्ता ने स्वयं को मानसिक पीड़ा में होना बताया है। वर्तमान तक ब्याज सहित उसे भुगतान कराने की प्रमुख सचिव से गुहार लगाई है। प्रमुख सचिव के साथ ही महानिदेशक व अपर निदेशक को भी शिकायती पत्र भेजा गया है।मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)9044641489

