एडीएम विद वीके सिंह के नेतृत्व में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने जन समस्याओं को सुना
एडीएम विद वीके सिंह के नेतृत्व में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने जन समस्याओं को सुना
बिसौली। एडीएम वित्त वीके सिंह के नेतृत्व में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने जनसमस्याओं को सुना। पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। गैरहाजिर चार अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है. एडीएम ने इसके बाद पालिका की गौशाला का निरीक्षण किया। तहसील के सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में गांव सर्वा निवासी पर्वत पुत्र अर्जुन सिंह ने शिकायत की कि उसकी मां कन्यावती के नाम आवंटित आवासीय पट्टे की भूमि पर दबंगों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। गांव परसिया निवासी रामवीर ने गांव के दबंगों द्वारा खेत की भूमि पर कब्जा करने व दो नीम व तीन शहतूत के पेड़ काटने का आरोप लगाया। रामवीर के मुताबिक वह हाल में बरेली निवास करता है। बटाईदार की सूचना पर जब उसने विरोध किया तो दबंग आमादा फसाद हो गए। वहीं ग्राम अहरोली निवासी भूरेलाल ने उसके खेत से जाने वाले चकरोड को दबंगों के कब्जे से मुक्त कराने की गुहार लगाई। गांव तारापुर निवासी इशाक मोहम्मद ने बैंक का लोन चुकता करने के बावजूद भूमि बंधक होने की शिकायत की। एडीएम श्री सिंह ने अधीनस्थों को सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम विजय मिश्रा, तहसीलदार अशोक सैनी, सीओ पवन कुमार, कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला, इंस्पेक्टर वजीरगंज धनंजय पांडे, ईओ ज्ञानेन्द्र सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे। एडीएम ने गैरहाजिर बीईओ वजीरगंज, ईओ नगर पंचायत मुड़िया, एडीओ पंचायत आसफपुर व अपर जिला सहकारी अधिकारी बिसौली से स्पष्टीकरण मांगा है। इधर अपर जिलाधिकारी वीके सिंह ने ईओ ज्ञानेंद्र सिंह के साथ पुरानी टंकी कंपाउंड स्थित गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ईओ को गोवंश संरक्षण हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
आई एम खान संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) बिसौली- बदायूं

