सहसवान। घर से मेला देखने की बात कह कर गए युवक का शव सड़क किनारे खंती में पड़ा मिला। शिनाख्त के बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम को भेज दिया। स्वजन किसी तरह की रंजिश से इंकार कर रहे हैं। पुलिस पीएम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कह रही है।
सोमवार सुबह करीब आठ बजे राहगीरों ने सहसवान से चमरपुरा गांव जाने वाले मार्ग पर चौकी नंबर चार से करीब पांच सौ मीटर आगे सड़क किनारे खंती में एक युवक का शव पड़ा देखा। खंती में थोड़ा पानी भी भरा हुआ था। युवक पीले रंग की शर्ट और नीले रंग की पैंट पहने हुए था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया और उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए। थोड़ी देर बाद थाने पहुंचे लोगों ने उसकी शिनाख्त रवि पुत्र दौलत राम निवासी गांव भवानीपुर खैरु के रूप में की। सूचना मिलते ही मृतक के स्वजन भी पहुंच गए। उन्होंने बताया कि मृतक मेहनत मजदूरी करता था। वह सोमवार शाम करीब आठ बजे घर से सहसवान में मेला देखने की बात कह कर आया था। मृतक अविवाहित है और अपने पांच भाइयों में चौथे नंबर का है। उसके पिता की मृत्यु हो चुकी है। युवक की मृत्यु कैसे हुई यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मृत्यु को लेकर लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विशाल प्रताप सिंह का कहना था कि शव मिला है। पीएम कराया जा रहा है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
*मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज 24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984*

