ईरान, 57 हज़ार मरीज़ हुए ठीक, कल से कोविड-19 से मरने वालों की संख्या में आया उछाल
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया है कि देश में कोरोना से संक्रमित 70 प्रतिशत से अधिक मरीज़ों का इलाज किया जा चुका है जबकि पिछले 24 घंटों में इस वायरस के कारण 83 लोग मरे हैं।
कियानूश जहानपूर ने रविवार को बताया कि पिछले 24 घंटों में 1343 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए और इस प्रकार देश में इस वायरस से संक्रमित होने वालों की कुल संख्या 82,211 हो गई है। उन्होंने बताया कि इस दौरान 87 लोगों की मौत हो गई और अब देश में कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 5,118 हो गई है। कियानूश जहानपूर ने बताया कि अब तक देश में 57,023 लोगों का उपचार करके उन्हें स्वस्थ हालत में अस्पतालों से डिसचार्ज किया जा चुका है और इस तरह देश में कोविड-19 के 70 प्रतिशत से अधिक मरीज़ों का इलाज किया जा चुका है। उनका कहना था कि 3456 लोगों की स्थिति चिंताजनक है।
इस बीच पूरी दुनिया में 23 लाख 45,000 से ज़्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं जिनमें से एक लाख 61,196 की मौत हो चुकी है जबकि छह लाख 4000 लोगों का उपचार किया जा चुका है। अमरीका में सात लाख 38 हज़ार से ज़्यादा लोग कोरोना से संक्रमित हैं जबकि 39,000 से अधिक लोग मर चुके हैं। स्पेन में एक लाख 95,000 से अधिक लोग कोरोना से संक्रमित हुए जिनमें से 20,000 से अधिक की मौत हो चुकी है। इटली में एक लाख 75,000 से अधिक लोग कोरोना की चपेट में आए हैं जिनमें से 23,000 से अधिक की मौत हो चुकी है। फ़्रान्स में लगभग डेढ़ लाख से अधिक लोग कोविड-19 में ग्रस्त हैं और 19,000 से अधिक लोग मर चुके हैं। ब्रिटेन में साढ़े पंद्रह हज़ार, बेल्जियम में 5,683, चीन में 4,632, जर्मनी में 4,538, हालैंड में तीन हज़ार 600 , ब्राज़ील में 2372 और स्वेडन में 1511 लोगों की कोविड-19 के कारण मौत हो चुकी है।

