बदायूं। मोहल्ला अरेला में हाईटेंशन लाइन लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। तार टूटने से एक घर के आंगन में गिरा, जिससे फर्नीचर में आग लग गई।नगर के मोहल्ला अरेला में घरों के ऊपर से गुजरने वाली हाईटेंशन लाइन लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। कभी तार टूटने व कभी करंट लगने से हादसे का खतरा बना रहता है। शिकायत के बाद भी विद्युत निगम के अधिकारी समस्या का समाधान नहीं कर पा रहे हैं। इसी लापरवाही में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर एक घर के आंगन में गिर गया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। एचटी लाइन की चपेट में आने से घर में रखे फर्नीचर में आग लग गई। जिससे सामान भी जल गया। कस्बा के मोहल्ला अरेला निवासी हरीश शर्मा का छोटे बिजली घर के पास मकान बना हुआ है। उनके मकान समेत बस्ती के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। गुरुवार सुबह अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर हरीश शर्मा के घर के आंगन में गिर गया। गनीमत रही कि बच्चों समेत परिवार के लोग अंदर सो रहे थे। यदि बच्चे बाहर खेल रहे होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। एचटी लाइन का तार गिरने से घर में रखे फर्नीचर में आग लग गई। आग की लपटें उठती देखकर परिवार के लोगों की आंख खुल गई।उन्होंने उपकेंद्र पर सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई। इसी बीच आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। बताया जाता है कि आग लगने से हजारों का फर्नीचर जलकर राख हो गया। लोगों का कहना है कि हाईटेंशन लाइनों के नीचे सेफ्टी जाल न होने से हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने बस्ती से हाईटेंशन लाइन का तार हटाने की निगम के अधिकारियों से मांग की है।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

