“सहसवान को रेल से जोड़ने की मांग अब केंद्र सरकार तक पहुंचाकर रहेंगे” — शोएब अहमद
सहसवान, बदायूं। सहसवान को रेलमार्ग से जोड़ने की मांग को लेकर क्षेत्र में एक नई पहल शुरू हुई है। मोहल्ला मुहीउद्दीनपुर, सहसवान निवासी शिक्षक एवं सामाजिक कार्यकर्ता शोएब अहमद ने सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के तहत पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर से सहसवान को रेल लाइन से जोड़ने के प्रस्ताव, सर्वे और परियोजना की वर्तमान स्थिति के संबंध में जानकारी मांगी थी।
रेलवे की ओर से 31 अगस्त 2026 को दिए गए जवाब में बताया गया कि सहसवान को रेल लाइन से जोड़ने के लिए नई रेलवे लाइन के निर्माण अथवा सर्वे के संबंध में रेलवे बोर्ड को अभी तक कोई प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है। रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी नई रेलवे लाइन परियोजना का प्रस्ताव, सर्वे एवं स्वीकृति रेलवे बोर्ड से संबंधित नीतिगत विषय है।
RTI के माध्यम से सामने आई यह जानकारी जहां सहसवान के लोगों के लिए चिंता का विषय है, वहीं अब इस मांग को संगठित और प्रभावी तरीके से सरकार के समक्ष रखने का रास्ता भी साफ करती है।
सहसवान को रेल से जोड़ने की मुहिम जारी रहेगी
इस संबंध में शोएब अहमद, शिक्षक एवं सामाजिक कार्यकर्ता, निवासी मोहल्ला मुहीउद्दीनपुर, सहसवान ने कहा कि सहसवान ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण नगर है और आसपास के बड़े क्षेत्र की आबादी व्यापार, शिक्षा, रोजगार तथा आवागमन के लिए सहसवान पर निर्भर है। ऐसे में सहसवान को रेल नेटवर्क से जोड़ना क्षेत्र के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा, “RTI के जवाब से यह सामने आया है कि अभी रेलवे बोर्ड के पास सहसवान को रेलमार्ग से जोड़ने का कोई प्रस्ताव नहीं है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हमारी मांग समाप्त हो गई। बल्कि अब हमारी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। हम इस मांग को जनप्रतिनिधियों, रेलवे मंत्रालय और केंद्र सरकार तक मजबूती से पहुंचाएंगे।”
शोएब अहमद ने कहा कि सहसवान को रेलमार्ग से जोड़ने की मांग को लेकर उनकी कोशिश लगातार जारी रहेगी और जब तक यह मांग सरकार में बैठे जिम्मेदार मंत्रियों एवं संबंधित अधिकारियों तक नहीं पहुंचती, तब तक वह इस अभियान को आगे बढ़ाते रहेंगे।
उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों से भी अपील की कि सहसवान रेलमार्ग की मांग को राजनीतिक दलों से ऊपर उठकर एक जनहित के मुद्दे के रूप में मजबूती से उठाया जाए।
“सहसवान को रेल से जोड़ना किसी एक व्यक्ति की मांग नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के बेहतर भविष्य और विकास की मांग है।”
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

