जिलाधिकारी ने दिए निर्देश – परिवहन निगम एवं अनुबंधित बसें केवल निर्धारित स्टॉप से ही बैठाएं सवारी, अवैध ठहराव पर होगी सख्त कार्रवाई
शमीम अंसारी जैदपुर बाराबंकी
बाराबंकी, 23 जून 2025:जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलास्तरीय वाणिज्य बंधु समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र में लागू एकल दिशा (वन-वे) मार्गों की व्यवस्था का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। इसके लिए नगर निकाय एवं यातायात पुलिस आपसी समन्वय से सतत निगरानी करें और आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कार्रवाई भी करते रहें। उन्होंने परिवहन निगम तथा अनुबंधित निजी बसों के संचालन को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी बसें केवल निर्धारित बस स्टॉप या स्टॉपेज से ही सवारियां बैठाएं और उतारें। किसी भी दशा में चौराहों या अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अवैध रूप से बस रोककर सवारी बैठाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस प्रकार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा और उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन स्वामी व चालक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। शहर में लगने वाले साप्ताहिक बाजारों की व्यवस्था पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ये बाजार केवल निर्धारित स्थलों पर ही संचालित हों तथा दुकानें सड़क की सफेद पट्टी के अंदर ही लगाई जाएं, ताकि यातायात बाधित न हो और आमजन को असुविधा न हो। शहर में पार्किंग की समस्या को देखते हुए उन्होंने नगर पालिका परिषद एवं एसडीएम सदर को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्र में कम से कम दो से तीन स्थानों की पहचान कर अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की जाए। साथ ही उन्होंने नगर पालिका व विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि शहर के प्रमुख चौराहों व मार्गों पर लटकते तारों और बीच सड़क में लगे विद्युत खंभों की पहचान कर उन्हें शिफ्ट करने की कार्यवाही जल्द प्रारंभ की जाए। व्यापारी संगठनों ने नाका-सतरिख चौराहे सहित कई प्रमुख स्थलों पर ठेले व अस्थायी दुकानों द्वारा किए गए अतिक्रमण की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका व पुलिस को संयुक्त अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाने तथा नियमित निगरानी के निर्देश दिए। मालगोदाम रोड स्थित वेंडिंग जोन में वर्षा ऋतु में होने वाली जलभराव की समस्या को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी ने ई0ओ0 नगर पालिका को वहां जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने व मरम्मत कार्य समय से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने उपस्थित व्यापारियों से अपील किया कि वे प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर शहर को स्वच्छ, सुगम व अतिक्रमणमुक्त बनाए रखने में सहयोग करें।उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था, बाजार प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा अतिक्रमण नियंत्रण को लेकर व्यापारियों से सुझाव भी आमंत्रित किए, ताकि जनसुविधा के अनुसार कारगर समाधान लागू किए जा सकें।
उद्यमियों की समस्याओं होगा त्वरित निदान : डीएम शशांक त्रिपाठी
जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं जिला श्रम बन्धु समिति सम्बंधी बैठक
जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं जिला श्रम बन्धु समिति सम्बंधी बैठक में जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी ने सम्बन्धित समस्त विभागीय अधिकारियों को उद्यमियों की विभिन्न समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में होेने वाले औद्योगिक निवेश में तेजी से कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होने सभी अधिकारियों से उद्यमियों के आवेदन पत्रों पर शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र कुर्सी रोड में फायर स्टेशन व अनावासीय भवनों के निर्माण कार्य की प्रगति, यूपीएसआईडीसी कुर्सी रोड में दुकानदारों को शिफ्ट किए जाने संबंधी प्रकरण पर गहन समीक्षा की। औद्योगिक क्षेत्र कुर्सी रोड में सौंदर्यीकरण, नाली निर्माण एवं अवशेष सड़कों का निर्माण सीसीटीवी कैमरे, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना एवं मुख्य प्रवेश द्वार प्रशासनिक भवन में विद्युत कार्य तथा सौंदर्यीकरण संबंधी प्रकरण पर चर्चा की गई, इंडस्ट्रियल एरिया माती में सड़क एवं जल निकासी हेतु नाला निर्माण पर चर्चा की गई। ईज ऑफ़ डूइंग बिजनेस के अंतर्गत निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित पोर्टल पर प्राप्त होने वाले आवेदनों का समयान्तर्गत निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रकरणों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्धता के साथ निस्तारित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री अरुण कुमार सिंह,उप जिलाधिकारी नवाबगंज श्री आनन्द कुमार तिवारी, एएसपी श्री विकास चन्द्र त्रिपाठी, ई0ओ0 नगर पालिका परिषद नवाबगंज, उपायुक्त उद्योग, सहायक श्रमायुक्त, उपायुक्त वाणिज्य कर एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण, व्यापारी और उद्यमीगण उपस्थित रहे।

