वाराणसी : बाढ़ के पानी में तैराकी करने वाले जाएंगे जेल, नियमों की अनदेखी पर जब्त होगी नौका, पुलिस कमिश्नर ने दिए सख्त निर्देश

पत्रकार शमीम अंसारी: बाराबंकी एसएम न्यूज़ 24 टाइम्स 06 अगस्त 2025

वाराणसी। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का भ्रमण किया। इस दौरान हालात का जायजा लिया। वहीं पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी के निर्देश दिए। ताकि अप्रिय घटनाएं न होने पाएं। उन्होंने बाढ़ के पानी में तैराकी और स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जेल भेजने के निर्देश दिए। 

उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सख्त निगरानी की जा रही है। बाढ़ से प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए प्रशासन ने कई कड़े कदम उठाए हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों में तैराकी पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। कोई भी व्यक्ति यदि जल में तैराकी करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा। साथ ही, निजी नावों के संचालन पर भी पूर्ण रूप से रोक लगा दी गई है। नियमों का उल्लंघन करने पर नाव जब्त कर ली जाएगी और संचालक को हिरासत में लिया जाएगा।

रात्रि के समय पुलिस पेट्रोलिंग और निगरानी को और अधिक सघन किया गया है ताकि खाली घरों में चोरी की घटनाएं रोकी जा सकें। इसके साथ ही, बाढ़ग्रस्त इलाकों में अनावश्यक रूप से घूम रहे लोगों की जांच की जाएगी ताकि चोरी या अन्य आपराधिक गतिविधियों की आशंका को टाला जा सके। प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के जर्जर मकानों में रह रहे लोगों से अपील की है कि वे राहत केंद्रों में शिफ्ट हो जाएं। सभी राहत शिविरों में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है ताकि सुरक्षा और सहायता में कोई कमी न हो।

 

निगरानी के लिए पुलिस मोटरबोट के साथ-साथ ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल करेगी। किसी भी आपात स्थिति में तैनात टीमें तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करेंगी। साथ ही, NDRF, SDRF, PAC, जल पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीमें 24×7 पेट्रोलिंग, रेस्क्यू और अनाउंसमेंट की जिम्मेदारी निभाएंगी। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी गौरव बंसवाल, पुलिस उपायुक्त (वरुणा) प्रमोद कुमार, पुलिस उपायुक्त (अपराध) सरवनन टी. सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Don`t copy text!