दरोगा रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई

मुकीम अहमद अंसारी

सहसवान, बदायूँ। सोमवार को एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्यवाही अंजाम दी। सहसवान कोतवाली में तैनात दरोगा कमलेश सिंह को 12 हज़ार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। टीम की इस कार्रवाई से पुलिस विभाग और आम जनता दोनों में हड़कंप मच गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दरोगा रिश्वत की रकम ले ही रहे थे कि तभी एंटी करप्शन टीम ने मौके पर पहुँचकर उन्हें घेर लिया और गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने के बाद टीम दरोगा को उझानी कोतवाली ले गई, जहाँ आगे की पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, दरोगा कमलेश सिंह सहसवान कोतवाली के चार नंबर हल्का पर तैनात थे और थाने में SSI (सीनियर सब इंस्पेक्टर) के पद पर भी कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता ने दरोगा द्वारा लगातार रिश्वत मांगने की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की थी। इसके बाद योजना बनाकर दरोगा को रंगेहाथ पकड़ने की कार्यवाही की गई।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बन गया है कि जब कानून व्यवस्था संभालने वाले ही भ्रष्टाचार में लिप्त हों तो आम जनता को न्याय कैसे मिलेगा। वहीं एंटी करप्शन टीम की यह सख्त कार्रवाई यह भी दिखाती है कि सरकार अब किसी भी स्तर पर रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सत्ता में आने के बाद से प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। सरकारी विभागों, तहसीलों से लेकर पुलिस महकमे तक, भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार कार्रवाई हो रही है। सहसवान में हुई यह गिरफ्तारी उसी अभियान का हिस्सा मानी जा रही है।

एंटी करप्शन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आरोपी दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी। वहीं स्थानीय स्तर पर भी यह संदेश साफ तौर पर गया है कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!