आईरा ने पत्रकार हित में सात सूत्रीय ज्ञापन मुख्यमंत्री को संबोधित एसडीएम को सौंपा।

मुकीम अहमद अंसारी

सहसवान, बदायूं।ऑल इंडिया रिपोर्टर्स एसोसिएशन (आईरा) बदायूं ने सोमवार को पत्रकार हितों को लेकर सात सूत्रीय मांगपत्र मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सहसवान साई आश्रित शाखमुरी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी को सौंपा।

आईरा संगठन लंबे समय से पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर लगातार तहसील, जिला और प्रदेश स्तर पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने का कार्य कर रहा है। सोमवार को तहसील अध्यक्ष अबीर सक्सेना के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और उत्तर प्रदेश की पत्रकारिता ने सदैव लोकतांत्रिक परंपराओं और शासन-प्रशासन की मजबूती में योगदान दिया है। इसके बावजूद पत्रकारों की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।

सात सूत्रीय मांगें

1. पत्रकारों की सुरक्षा हेतु कठोर अधिनियम बनाया जाए।

2. खबर कवरेज के दौरान पुलिस एवं प्रशासन का पूर्ण सहयोग व सम्मान सुनिश्चित हो।

3. पत्रकारों पर फर्जी मुकदमे दर्ज करने पर तत्काल रोक लगे।

4. पत्रकारों पर दर्ज मुकदमों की जांच किसी उच्च या राजपत्रित अधिकारी से कराई जाए, और दोष सिद्ध होने पर ही कार्रवाई हो।

5. उत्तर प्रदेश में पत्रकारों को उचित मानदेय की सुविधा लागू की जाए।

6. गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों को भी परिवहन विभाग की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिले।

7. मान्यता एवं गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों व उनके परिवार को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिले।

 

इस अवसर पर योगेंद्र सिंह ने कहा कि पत्रकार समाज के सजग प्रहरी हैं, वे जान जोखिम में डालकर समाचार संकलन करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा व सम्मान जरूरी है। मुशाहिद रजा ने कहा कि यदि सरकार ने जायज मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो संगठन प्रदेश मुख्यालय पर बड़ा धरना-प्रदर्शन करेगा।

तहसील अध्यक्ष अबीर सक्सेना ने बताया कि सहसवान सहित जिले की अन्य तहसीलों में भी बुधवार को शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो अक्टूबर में जिला मुख्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें अन्य पत्रकार संगठन भी शामिल होंगे।

ज्ञापन सौंपने के दौरान तहसील अध्यक्ष अबीर सक्सेना के साथ सोनू यादव, योगेंद्र सिंह, मुशाहिद रजा, मोहित यादव, प्रदीप कुमार और नजम खान पत्रकार मौजूद रहे।

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!