सहसवान,बदायूं। कोतवाली क्षेत्र के सालिक नगला के पास हुई घटना, मृतक साले-बहनोई बताए जा रहे हैं
सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव सालिक नगला के पास सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बदायूं–मेरठ हाईवे पर एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
मृतकों में एक की पहचान अंकित (23 वर्ष) पुत्र राजेंद्र, निवासी गांव गिधौल, थाना मूसाझाग के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। दोनों मृतक आपस में साले-बहनोई बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही सहसवान कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसवान भेज दिया, जहां दोनों शवों को रखा गया है। पुलिस ने मृतकों की मृत्यु की सूचना परिजनों को दे दी है और परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और मामले की छानबीन जारी है।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

