बाराबंकी । उदवतनगर झील में अवैध शिकार का बड़ा भंडाफोड़ वन विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार — न्यायिक हिरासत की प्रक्रिया प्रगति पर
अवधेश कुमार वर्मा
बाराबंकी वन प्रभाग द्वारा वन एवं वन्यजीव सुरक्षा को लेकर चलाई जा रही मुहिम एक बार फिर बड़ी सफलता लेकर आई है। प्रभागीय वनाधिकारी श्री आकाश दीप बधावन के सख्त निर्देशन और सतर्क निगरानी में रामनगर रेंज की टीम ने उदवतनगर झील में हो रहे अवैध शिकार के संगठित खेल का पर्दाफाश कर दिया है। घटना 30 नवम्बर 2025 की है, जब रामनगर रेंज को गुप्त सूचना मिली कि उदवतनगर झील में कुछ शिकारी सक्रिय हैं और वन्य पक्षियों का अवैध शिकार कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए उप क्षेत्रिय वन अधिकारी मनोज कुमार यादव, वन दरोगा सचिन कुमार व श्याम लाल की टीम तुरंत मौके पर पहुँची।
झील के दूसरी ओर पहुंचते ही टीम ने कुछ संदिग्ध लोगों को भागते हुए देखा, जिनमें से एक के हाथ में सुरक्षित प्रजाति के बेखुर बत्तख (Gadwall) का शव था। टीम के पहुँचते ही आरोपी दल मौके से फरार हो गया। इसी दौरान घटना स्थल पर मौजूद एक व्यक्ति ने भागते हुए आरोपियों की फोटो खींच ली। फोटो ग्रामीणों को दिखाई गई, तो उसमें दिख रहे शख्स की पहचान कन्धईलाल पुत्र प्यारे, निवासी फुटहागंज, पोस्ट उदवतनगर, थाना दरियाबाद, तहसील सिरौली गौसपुर के रूप में की गई।
इसके बाद रेंज टीम ने लगातार सुरागरसी करते हुए 02 दिसंबर 2025 को दोपहर लगभग 3 बजे विशेष दबिश डालकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
वन विभाग ने अभियुक्त के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39 एवं 51 के अंतर्गत वन अपराध संख्या 68/2025-26 दर्ज की है।
03 दिसंबर 2025 को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शिकार करने वाले गिरोहों में हड़कंप मचा हुआ है। वन अधिकारियों का कहना है कि वन्यजीव संरक्षण के खिलाफ किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहे ।

