काशीराम कॉलोनी में रहने वाली 65 वर्षीय वृद्ध महिला का मिला शव, हत्या की आशंका मौके पर पहुंची पुलिस
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान, बदायूं। अकेली रहने वाली वृद्धा का शव घर में पड़ा मिला। शरीर पर चोटों के निशान होने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजने के साथ ही एक युवक को संदेह के आधार पर हिरासत में ले लिया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर साक्ष्य संकलित किए। एसपी देहात डॉ ह्रदेश कठेरिया ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस को दिशा निर्देश दिए।
नगर के मोहल्ला जहांगीराबाद निवासी विधवा जावित्री (65) पत्नी गोकरनी पिछले काफी समय से मोहल्ले के पास स्थित कांशीराम कालोनी में रह रही थीं। उनका बड़ा पुत्र हरिओम पत्नी बच्चों के साथ जहांगीराबाद मोहल्ले में रहता है। वह इस समय इटावा में नुमाइश में काम करने गया हुआ था। छोटा अविवाहित पुत्र सौदान मां के साथ रहता था। वह इस समय अलीगढ़ मेले में काम करने गया हुआ था। वह अपने आवास में अकेली रह रही थीं। शनिवार को जावित्री सुबह देर तक घर से बाहर नहीं आईं। पडोस की एक बच्ची उनके घर में गई तो उसने उनका शव चारपाई पर पड़ा देखा। चीखते हुए वह बाहर आई तो लोगों को घटना के बारे में पता चला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। महिला के चेहरे और हाथ पर चोटों के निशान थे। इससे आशंका जताई जा रही है कि वृद्धा की हत्या की गई है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरु कर दी। पुलिस ने संदेह के आधार पर कॉलोनी में रहने वाले एक युवक को हिरासत में ले लिया है। सूचना पर सीओ अशोक कुमार और एसपी देहात डॉ ह्रदेश कठेरिया भी घटनास्थल पर पहुंच गए और निरीक्षण करने के साथ पुलिस को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कोतवाल धनंजय सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर और तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। कालोनी के लोगों ने बताया कि पुलिस ने जिस युवक को हिरासत में लिया है। वह वृद्धा के छोटे पुत्र का परिचित है और कुछ दिनों से वृद्धा के साथ ही रह रहा था।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

