मिर्च तोड़ने को लेकर हुए विवाद में बटाईदार और उसके परिजनों ने खेत मालिक व उसके बेटे पर लाठी-डंडो से हमला कर दिया।

मुकीम अहमद अंसारी

सहसवान,बदायूं। थाना क्षेत्र में मिर्च तोड़ने को लेकर हुए विवाद में बटाईदार और उसके परिजनों ने खेत मालिक व उसके बेटे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में खेत मालिक के सिर में गंभीर चोट आई है और उसका बेटा भी घायल हुआ है। घटना 9 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 1 बजे ग्राम बैरपुर मानपुर में हुई।

ग्राम बैरपुर मानपुर निवासी जयवीर पुत्र नेकसू ने अपना खेत सोनबूढी थाना जरीफनगर निवासी गंगा सिंह पुत्र सुक्खी को बटाई पर दे रखा था। खेत में मिर्च की फसल लगी हुई थी। फसल को नुकसान से बचाने के लिए जयवीर बटाईदार गंगा सिंह से बार-बार मिर्च तोड़ने के लिए कह रहा था।

हालांकि, गंगा सिंह इस बात पर अड़ा था कि वह मिर्च पकने के बाद ही तोड़ेगा। इसी बात को लेकर घटना के समय जयवीर और गंगा सिंह के बीच कहासुनी हो गई। कहासुनी बढ़ने पर गंगा सिंह, उसके बेटे नरेश और भाई चंद्रपाल पुत्र सुक्खी ने जयवीर के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
इसके बाद तीनों ने खेत में ही जयवीर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। नरेश ने अपने हाथ में मौजूद लाठी से जयवीर के सिर पर वार किया, जिससे उसे गंभीर खुली चोट आई और खून बहने लगा। जयवीर के शरीर के अन्य हिस्सों में भी गुम और खुली चोटें आईं।

जब जयवीर के बेटे सोनू ने अपने पिता को बचाने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उस पर भी लाठी-डंडे बरसा दिए। इससे सोनू के शरीर में कई जगह गंभीर गुम चोटें आईं। मौके पर मौजूद गांव और आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने बीच-बचाव कर पिता-पुत्र को हमलावरों से बचाया।

हमलावर जयवीर और उसके बेटे को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल जयवीर अपने बेटे सोनू के साथ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचा है।

इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!