बदायूं: पिता बना हैवान, 10 वर्षीय बेटे की फांसी देकर हत्या — आरोपी गिरफ्तार।

मुकीम अहमद अंसारी

सहसवान, बदायूं। थाना सहसवान क्षेत्र के ग्राम तिगरा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने ही अपने मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को पीआरवी पर सूचना मिली थी कि एक 10 वर्षीय बालक विशाल उर्फ गोपाल का शव पेड़ से लटका हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था।

लेकिन 17 अप्रैल को मृतक के मामा राजेश द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया और जांच शुरू की गई।

गिरफ्तार आरोपी विजय सिंह (45 वर्ष) ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह शराब और जुए का आदी है। घरेलू विवाद और पत्नी से झगड़े के बाद गुस्से में उसने अपने ही बेटे को खेत में ले जाकर रस्सी से फांसी पर लटका दिया, ताकि घटना आत्महत्या लगे।
आरोपी ने बताया कि घटना के बाद वह घर चला गया और बाद में गांव वालों के साथ पहुंचकर दिखावा किया। पुलिस जांच में सच्चाई सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह के नेतृत्व में टीम ने 19 अप्रैल को सहसवान-नाधा रोड से आरोपी को गिरफ्तार किया।

मु0अ0सं0 184/2026 धारा 103(1) BNS के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।

यह घटना न सिर्फ मानवता को झकझोर देने वाली है, बल्कि समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और घरेलू कलह के खतरनाक परिणामों को भी उजागर करती है।

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!