बदायूं। कलक्ट्रेट रोड स्थित सिविल बार के सामने आज मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया,जब अधिवक्ताओं के चैंबरों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। पांच चैंबर पूरी तरह जलकर राख हो गए। घटना से आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह घटना कोतवाली सिविल लाइंस क्षेत्र की है।चैंबरों से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटे की कोशिशों के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सका, लेकिन तब तक पांच चैंबर पूरी तरह जल चुके थे। इस अग्निकांड में चैंबरों में रखे जरूरी अभिलेख, मुकदमों से जुड़े अहम दस्तावेज, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौके पर पहुंच गए। अपने-अपने चैंबरों की स्थिति देखकर वकीलों में गहरा दुख और निराशा देखने को मिली। अधिवक्ताओं का कहना है कि आग में महत्वपूर्ण केस फाइलें और दस्तावेज जल जाने से आने वाले समय में कानूनी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।पुलिस मामले की जांच में जुटी है और शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

