बदायूं। बिसौली में बिल्सी रोड स्थित मलइया वाले बाबा मंदिर के पास कल सोमवार सुबह शादी के बाद विदाई समारोह के दौरान एक लावारिस कुत्ते ने 36 लोगों को काटकर घायल कर दिया।अचानक हुए हमले से लोग सहम गए और इधर-उधर भागने लगे।बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर घायलों की भीड़ लग गई।सभी घायलों को एंटी रेबीज वैक्सीन लगाने के बाद घर भेज दिया गया।
लोगों ने बताया कि सुबह दस बजे कुत्ता अभिनंदन बैंक्वेट हॉल में घुस गया।जहां एक शादी समारोह के बाद दुल्हन की विदाई की रस्म चल रही थी।अचानक हुए हमले से वहां मौजूद महिलाओं और बच्चों में चीख पुकार मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई लोग गिरकर भी घायल हो गए।लोगों ने बताया कि बेकाबू कुत्ता जहां-तहां भागता रहा और दुकानों के बाहर खड़े लोगों,राहगीरों और ग्राहकों को भी काट लिया।बाद में कुत्ता गांव की ओर चला गया। वहां उसने दुधारू पशुओं को भी काट लिया।
कुत्ता काटने से ये लोग हुए घायल:-लावारिस कुत्ते के हमले में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित तीन दर्जन से अधिक लोग घायल हुए। कुछ प्रमुख घायलों में मनीषा (9),पूजा (12),विजय प्रताप (15),सुगनपाल (14),कंचन (16), कुलदीप (19),पिंकी (26),अनीता (20),फरमान (12),रमेश (50), शिवानी (20), बहादुर (40), मदन लाल (66),रक्षपाल (42), भावना (20),भगवान लाल (50),मोहित सिंह (22), सुनीता (35) और चंदवती (40) शामिल हैं।बलवीर, उमा देवी, आलिया, विजय पाठक, चंदन सुगरपाल,प्रदीप, पिंकी, चंदन, रमेश, विजय, शालिनी, मनीष, असद, कार्तिक और रोहन भी घायल हुए।घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां उन्हें प्राथमिक उपचार के साथ एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाए गए। कुछ लोगों ने निजी अस्पतालों में भी अपना इलाज कराया। उपचार के बाद सभी घायलों को घर भेज दिया गया।
नाराज लोगों ने की कार्रवाई की मांग:-इस घटना के बाद नगर में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका और प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त की है। लोगों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लावारिस कुत्ते को पकड़ने की मांग की है। उन्होंने इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की भी अपील की है।संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए लोगों में चिंता बढ़ गई है। कुत्ते द्वारा अन्य लावारिस कुत्तों को काटने की खबर ने इस चिंता को और गहरा दिया है।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

