सहसवान, बदायूं। नगर के मोहल्ला मुहीउद्दीनपुर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय महिला की जान चली गई। जानकारी के अनुसार ओमवती सुबह करीब सात बजे अपने घर पर भैंस को चारा डाल रही थीं, तभी अचानक भैंस ने रस्सी तोड़कर उन पर हमला कर दिया।
बताया जाता है कि भैंस ने महिला को सींगों से उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें भैंस के चंगुल से छुड़ाया।
घटना के बाद परिजन घायल अवस्था में महिला को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ले जाते समय वृद्ध महिला ने दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

