एक युवक को रास्ते में रोककर लाठी डंडों से किया हमला मोबाइल भी तोड़ा और हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से हुए फरार
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान,बदायूं। थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर एक युवक पर हमला किया गया। हमलावरों ने युवक को रास्ते में रोककर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीटा। उन्होंने युवक का फोन भी तोड़ दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
यह घटना 30 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 11 बजे हुई। दौलतपुर गांव निवासी भगवान सिंह पुत्र हरी सिंह अपने गांव से सहसवान आ रहे थे। सरसोता मंदिर के पास उन्हें अकेला देखकर घनश्याम, कालीचरन, सर्वेश (पुत्रगण फज्जन सिंह) और जसवंत (पुत्र पंचम) ने घेर लिया।
आरोपियों ने पुराने झगड़े को लेकर भगवान सिंह के साथ गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर भगवान सिंह को बचाया, जिसके बाद हमलावर मौके से भाग गए। घायल अवस्था में भगवान सिंह को छोड़कर जाते समय उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी।
हमले में भगवान सिंह को गंभीर अंदरूनी और बाहरी चोटें आई हैं। उनके भाई धर्मपाल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर परिवार ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने भगवान सिंह को सहसवान के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने बताया कि पीड़ित के परिवार की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

