सहसवान में मौत के सौदागर! गली-गली खुले अवैध जच्चा-बच्चा केंद्र, बिना डिग्री हो रहे ऑपरेशन,प्रशासन मौन।
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान,बदायूँ। कस्बे में अवैध जच्चा-बच्चा केंद्रों का कारोबार तेजी से फैलता जा रहा है। गली-कूचों में बिना पंजीकरण और बिना विशेषज्ञ डॉक्टरों के संचालित ये केंद्र प्रसूताओं और नवजात बच्चों की जिंदगी को खतरे में डाल रहे हैं। हालात यह हैं कि कई केंद्रों पर बिना डिग्री और अनुभव वाले झोलाछाप लोगों द्वारा प्रसव और ऑपरेशन तक किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार इन केंद्रों पर न तो कोई क्वालिफाइड सर्जन मौजूद है और न ही स्वास्थ्य मानकों का पालन किया जाता है। मामूली पैसों के लालच में मरीजों की जान जोखिम में डालकर इलाज किया जा रहा है। लोगों का आरोप है कि कई मामलों में गंभीर हालत होने पर मरीजों को दूसरे अस्पतालों के लिए रेफर कर दिया जाता है।
इधर, इतने बड़े पैमाने पर चल रहे इस अवैध कारोबार पर स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी भी सवालों के घेरे में है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि आखिर विभाग को इन अवैध केंद्रों की जानकारी क्यों नहीं है, या फिर इन्हें किसी रसूखदार का संरक्षण प्राप्त है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही लापरवाही को लेकर लोगो मे भारी आक्रोश व्याप्त है।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

