नगर व क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था इन दिनों ध्वस्त हो गई है।

मुकीम अहमद अंसारी

बिसौली,बदायूं। नगर व क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था इन दिनों ध्वस्त हो गई है। पिछले एक सप्ताह से प्रतिदिन रात व दोपहर में बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है, साथ ही कभी हाई – कभी लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इससे उमस भरी गर्मी में उपभोक्ता परेशान है।
किसान उपभोक्ताओं ने तहसील परिसर पर नारेबाजी करते हुए बिजली संबंधित समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि लगातार अघोषित कटौती के कारण फसाने सूख रही हैं। वही नगर के उपभोक्ता व उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष कृष्णअवतार शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई है। विभाग का निर्बाध बिजली आपूर्ति देने का दावा हवाहवाई साबित हो रहा है। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी में बिजली कटौती से लोग बेहाल हैं। नगर के उपभोक्ता व सर्राफा मंडल के अध्यक्ष संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि इन दिनों जरूरत के अनुरूप बिजली नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि अघोषित बिजली कटौती व लो वोल्टेज की समस्या से उमस भरी गर्मी में लोगों का जीना मुहाल हो गया है। नगर के उपभोक्ता व उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के विधान सभा प्रभारी धर्मेंद्र वार्ष्णेय ने कहा कि विद्युत आपूर्ति के दौरान दर्जनों बार बिजली आती जाती है। मामूली गड़बड़ी ठीक करने में काफी समय लगा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर महकमे के जिम्मेदार मूकदर्शक बने हुए हैं। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के तहसील अध्यक्ष मुकेश भदोरिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में बिजली समस्या को लेकर जनप्रतिनिधि और अधिकारी पूरी तरह से उदासीन बने हुए हैं। बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर सभी मूकदर्शक बने हुए हैं। उमस भरी गर्मी में बदहाल बिजली आपूर्ति व वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में जिम्मेदारों को हर त्रुटि को दूर करते हुए बिजली आपूर्ति बेहतर ढंग से देने का प्रयास करना चाहिए।

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!