फतेहपुर विद्युत विभाग स्मार्ट मीटर व बकाया वसूली में सक्रिय, लेकिन सप्लाई व्यवस्था पर उठे सवाल।

मुकीम अहमद अंसारी

फतेहपुर। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच विद्युत आपूर्ति बाधित होने से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। कस्बे के मोहल्ला काज़ीपुर में स्वर्गीय डॉ. मुरारी के मकान के पीछे बार-बार केबल जलने के कारण पिछले दो दिनों से रात के समय लगातार बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की शिकायत सामने आई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार डॉ. मुरारी के घर से छोटी मस्जिद तक बिछी विद्युत केबल बार-बार जल जाती है। आरोप है कि सूचना के बाद विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचकर केवल क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत या छोटा हिस्सा बदलते हैं, जबकि पूरी केबल नहीं बदली जाती। इससे लोड बढ़ने पर समस्या दोबारा उत्पन्न हो जाती है।

वार्डवासियों का कहना है कि स्थायी समाधान के लिए पूरी केबल बदला जाना आवश्यक है, अन्यथा क्षेत्र के लोगों को बार-बार बिजली संकट का सामना करना पड़ेगा। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि दिन में कर्मचारी उपलब्ध रहते हैं, लेकिन रात के समय शिकायतों पर फोन रिसीव नहीं किए जाते।

लगातार बाधित आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग स्मार्ट मीटर लगाने और बकाया बिल वसूली में सक्रिय दिखाई देता है, लेकिन आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

हालांकि, इस संबंध में विद्युत विभाग का आधिकारिक पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। विभाग का पक्ष मिलने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।

Don`t copy text!