ग्रामीण के घर में लगी भीषण आग, अनाज और घरेलू सामान जलकर राख

मुकीम अहमद अंसारी

बदायूं। कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र में बिल्सी हाईवे स्थित कुरऊ गांव में आज बृहस्पतिवार को एक घर में भीषण आग लग गई।इस अग्निकांड में घर में रखा अनाज,घरेलू सामान और वाहन जल गए।आग इतनी विकराल थी कि तीन मुर्गियां भी जलकर मर गईं और कुछ अन्य झुलस गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया।पीड़ित विजय कुमार के मुताबिक, आग से करीब तीन कुंतल गेहूं, दो कुंतल धान और भारी मात्रा में भूसा नष्ट हो गया। इसके अलावा, बर्तन, कपड़े और खाने-पीने का सामान भी पूरी तरह जल गया। घर के बाहर खड़ी दो साइकिल और एक टेंपो भी आग की चपेट में आ गए।घटना की सूचना पर पीआरवी मौके पर पहुंची।ग्रामीणों ने बाल्टियों और हैंडपंप के पानी से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।काफी देर की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। ग्रामीणों की तत्परता से आग को आसपास के अन्य घरों तक फैलने से रोका जा सका।दमकल विभाग की गाड़ी भी रवाना हुई, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही ग्रामीण आग बुझा चुके थे।

क्षति का आकलन और मुआवजे की मांग

घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराकर क्षति का आकलन करने की मांग की है। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की भी अपील की है। राजस्व विभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग में हुई क्षति का आकलन किया है।

आग लगने के कारणों की जांच

आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता अभी तक नहीं चल सका है।प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आग किस वजह से लगी।

 

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!