21 वर्षीय युवती के लापता होने की युवती की मां ने थाना कोतवाली पुलिस में गुमशुदगी की दर्ज कराई
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान,बदायूं। थाना क्षेत्र के फतनपुर टप्पा हवेली गांव से 21 वर्षीय युवती लापता हो गई है। युवती की मां सुनीता ने पड़ोसी युवक मुकुल और उसके परिवार के सदस्यों पर बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। यह घटना 20 मई 2026 को दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है।
सुनीता के अनुसार, घटना के दिन वह काम पर गई हुई थीं और उनकी बेटी घर पर अकेली थी। जब मां काम से वापस लौटीं, तो बेटी घर पर नहीं मिली। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की, जिसके बाद उन्हें बेटी के लापता होने की जानकारी मिली।
शिकायतकर्ता ने बताया कि गांव के ही ज्ञानचंद्र की पत्नी कांती का पोता मुकुल पुत्र अशोक, जो भवानीपुर गांव का निवासी है, अक्सर अपनी नानी के घर आता-जाता था। मां का आरोप है कि मुकुल ने अपनी मां शीला पत्नी अशोक, बहन रिया पुत्री अशोक (निवासी भवानीपुर), नानी कांती पत्नी ज्ञानचंद्र और उसके बेटों संजय, अजय, विजय, संदीप पुत्रगण ज्ञानचंद्र (निवासी फतनपुर टप्पा हवेली) की मदद से बेटी को प्रेम प्रसंग के लिए बहला-फुसलाकर भगा लिया है।
मां ने अपनी शिकायत में कहा है कि उनकी बेटी अपना मोबाइल नंबर अपने साथ ले गई है, जो अब स्विच ऑफ आ रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि मुकुल और उसके साथियों से उनकी बेटी की जान-माल को खतरा है और उसके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। मां ने पुलिस से अपनी बेटी को जल्द से जल्द बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है मामले की जांच की जा रही है और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

