जलभराव से बेहाल लोग, नगर के कई मोहल्ले का है मुख्य मार्ग, महिलाओं में आक्रोश एसडीएम को सोंपा ज्ञापन।
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान,बदायूं। नगर के मोहल्ला गोपालगंज व सैफुल्लागंज में मुख्य प्रवेश मार्ग पर कई वर्षों से जलभराव और कीचड़ की गंभीर समस्या बनी हुई है। हालात ऐसे हैं कि मोहल्ले के लोगों को रोजाना इसी गंदे और फिसलन भरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे उनकी दैनिक आवाजाही प्रभावित हो रही है।
इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों स्कूली बच्चे गुजरते हैं। कीचड़ और जलभराव के कारण आए दिन दोपहिया वाहन व ई-रिक्शा फिसलकर गिर रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार उप जिलाधिकारी और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नगरवासियों ने प्रशासन से नाला निर्माण कराकर जलभराव से निजात दिलाने की मांग की है।
सभासद द्वारा भी कोई प्रभावी सुनवाई नहीं की गई, जिससे आए दिन मोटरसाइकिलें फिसलकर गिरती रहती हैं।
यह मार्ग नगर क्षेत्र के अधीन आता है। नाला निर्माण तो कराया गया था, लेकिन उचित निकासी व्यवस्था न होने के कारण आधे से अधिक नगर का पानी इसी में आकर भर जाता है, जिससे जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
नगरवासियों के अनुसार समस्या की मुख्य वजह यह है कि नाले के पानी की निकासी के लिए कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है। पुराना तालाब पाट दिया गया, लेकिन उससे पहले वैकल्पिक नाला निर्माण नहीं किया गया। वर्तमान में पानी एक निजी खेत में भरकर कीचड़ का तालाब बन गया है।
लोगों ने आशंका जताई है कि यदि खेत मालिक ने अपने खेत में भराव करा दिया तो पानी घरों, मुख्य मार्ग और सड़क तक फैल सकता है, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाएगी।
जलभराव की समस्या विकराल होती जा रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं, जिसको लेकर आज शनिवार को भारी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप कर जल्द से जल्द समाधान कराने की मांग की है।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

