सहसवान में ईद-उल-अजहा को लेकर पालिका की अहम बैठक, सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश।
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान, बदायूं। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) के पावन त्योहार को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और स्वच्छ माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद सहसवान के मीटिंग हॉल में एक आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया। प्रभारी सफाई निरीक्षक अब्दुल फरीद खान की अध्यक्षता में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में नगर के सभी सफाई सुपरवाइजरों और पालिका के वाहन चालकों ने मुख्य रूप से भाग लिया।
बैठक के दौरान आगामी त्योहार के मद्देनजर पूरे नगर के सभी मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों, मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास विशेष अभियान चलाकर चूने का छिड़काव करने तथा समय से कूड़ा निस्तारण के पुख्ता इंतजामों को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। प्रभारी सफाई निरीक्षक ने ईद उल अजहा (बकरीद) कुर्बानियों पर कहीं भी पशुओं के अवशेष नहीं दिखना चाहिए के दौरान पशुओं के अवशेष टेंपो ट्रैक्टर द्वारा चिन्हित की गई जगह पर जेसीबी द्वारा गड्ढे खोद दिए गए हैं उसी स्थान पर गढ़ों में दबा दिए जाएं सुपरवाइजरों को अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैदी से डटे रहने की हिदायत देते हुए सख्त निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान किसी भी वार्ड या गली-मोहल्ले में गंदगी के ढेर नजर नहीं आने चाहिए और जलभराव की समस्या का तत्काल निस्तारण किया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने कचरा उठाने वाली गाड़ियों और ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालकों को भी पाबंद किया कि वे सुबह से ही सक्रिय रहकर नगर के हर कोने से समय पर कचरा उठाएं, ताकि आम जनता को त्योहार के मौके पर किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक के अंत में उन्होंने स्पष्ट लहजे में चेतावनी दी कि इस संवेदनशील और पावन पर्व पर कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अनुपस्थित या सुस्त कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

