पति ने पत्नी की हत्या कर शव को पड़ोसी के घर के सामने रख दिया, थाने पहुंच कर अन्य लोगों पर हत्या करने का लगाया आरोप
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान , बदायूं। एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और शव पड़ोसी के घर के सामने रख दिया। इसके बाद थाने पहुंच कर अन्य पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतका के मायके वालों ने भी उसके पति पर हत्या करने का आरोप लगाया है। शाम तक इस मामले में पुलिस को शिकायती पत्र नहीं दिया गया था। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शिकायती पत्र के आधार पर कार्रवाई की बात कह रही थी।
कोतवाली क्षेत्र के गांव हसनपुर लोधा उर्फ नगला हरी निवासी भगवान सिंह ने देर रात थाने पहुंच कर पुलिस को बताया कि गांव के ही हरिओम ने उसकी पत्नी सीमा (32) की हत्या कर दी है। उसका शव उसके घर के बाहर रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में ले लिया। प्रथमदृष्टया पूछताछ और जांच करने पर पता चला कि भगवान सिंह ने ही अपनी पत्नी की हत्या की है। पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया और शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतका का मायका गांव पारा नगला थाना कादरचौक में है। उसके मायके वालों को सूचना दी गई तो वह भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। मृतका के मायके वालों ने भी आरोप लगाया कि भगवान सिंह नशे का आदी है। उसी ने सीमा की हत्या की है और बचने के लिए शव पड़ोसी के घर के सामने रख दिया। कोतवाल धनंजय सिंह का कहना था कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शिकायती पत्र मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि मृतका की शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी। उसके चार बच्चे हैं। इनमें तीन पुत्र और एक पुत्री है।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज टाइम्स टाइम्स बदायूं*

