बेटी की विदाई समारोह में बनी पूड़ी-कचौड़ी मुसीबत एक ही परिवार के 15 लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार, तीन की हालत गंभीर

मुकीम अहमद अंसारी

बिसौली, बदायूं। कोतवाली क्षेत्र के गांव सर्वा में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बेटी की विदाई समारोह के दौरान तैयार किए गए भोजन को खाने के बाद एक ही परिवार के 15 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को उल्टी, दस्त और पेट में तेज दर्द की शिकायत होने लगी, जिसके बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में बिसौली के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।

डॉक्टरों के अनुसार सभी मरीजों का इलाज जारी है, जबकि तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में चिंता का माहौल है।

परिजनों ने बताया कि विदाई कार्यक्रम के लिए घर में पूड़ी-कचौड़ी तैयार की गई थी। भोजन बनाने में कस्बे से खरीदे गए खुले सरसों के तेल का उपयोग किया गया था। खाना खाने के कुछ समय बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी और देखते ही देखते परिवार के कई सदस्य बीमार हो गए।

मामले की जानकारी मिलते ही खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय हो गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी माताशंकर ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और परिजनों से पूछताछ की। विभाग ने भोजन में इस्तेमाल किए गए तेल समेत अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि बीमारी की वास्तविक वजह प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है मरीजों के स्वास्थ्य की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

 

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!