मुजरिया चौराहे पर ट्रक ने रोडवेज बस को पीछे से मारी टक्कर, बस क्षतिग्रस्त; तीन यात्री घायल

मुकीम अहमद अंसारी

सहसवान, बदायूं। मुजरिया चौराहे पर ट्रक ने रोडवेज बस को पीछे से मारी टक्कर, बस क्षतिग्रस्त; तीन यात्री घायल।

मुजरिया चौराहे पर बुधवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। बदायूं डिपो की दिल्ली जा रही रोडवेज बस को कछला की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सवारियों में चीख-पुकार मच गई।

टक्कर लगते ही बस में बैठे यात्री झटके से सीटों से गिर पड़े। हादसे में गुन्नौर निवासी राहुल, छोटे और भूरे नामक तीन यात्रियों को चोटें आई हैं। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। सभी घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक चालक मुजरिया चौराहे पर बस को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान नियंत्रण बिगड़ा और ट्रक ने बस के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने तुरंत पहुंचकर स्थिति संभाली।

सूचना मिलते ही मुजरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बस का टूटा पिछला हिस्सा और मौके पर मौजूद पुलिस व भीड़ साफ नजर आ रही है।

मुजरिया थाना प्रभारी विदेश कुमार शर्मा ने बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार हादसे की वजह लग रही है। घायलों की हालत खतरे से बाहर है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। रोडवेज अधिकारियों को भी सूचित कर दिया।

 

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!