मुजरिया,बदायूं। मुजरिया क्षेत्र के ग्राम अलीगंज में पिछले आठ दिनों से नलकूप का ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा है, जिससे किसानों की फसलों की सिंचाई पूरी तरह प्रभावित हो गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विद्युत विभाग केवल आश्वासन दे रहा है, लेकिन अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है।ग्रामीणों के अनुसार ग्राम अलीगंज स्थित नलकूप संख्या 166 से क्षेत्र के अनेक किसानों की फसलों की सिंचाई की जाती है। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण तरबूज, मक्का, उड़द और मूंग जैसी फसलें सूखने लगी हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी नलकूप का ट्रांसफार्मर मुजरिया विद्युत उपकेंद्र से मात्र 100 मीटर की दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद आठ दिन बीत जाने के बाद भी उसे नहीं बदला गया। किसानों का आरोप है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो फसलें पूरी तरह चौपट हो सकती हैं।नलकूप के ऑपरेटर गौरव सोलंकी ने बताया कि उन्होंने मुजरिया विद्युत उपकेंद्र पर ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीण राजेश , नन्हे, संजू, संजीव, चरण सिंह, अशोक, महेश, नत्थू, लटूरी सहित अन्य किसानों ने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि फसलों को बचाया जा सके।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

