पंखे का प्लग लगाते समय करंट लगने से युवक की मौत, परिवार में कोहराम

मुकीम अहमद अंसारी

सहसवान, बदायूं। ग्राम भवानीपुर खेरू में रविवार शाम करीब 7 बजे बिजली का करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतक की पहचान तारिक पुत्र चमन के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रविवार शाम तारिक घर के कमरे में पंखा चलाने के लिए प्लग लगा रहा था। इसी दौरान अचानक उसे तेज करंट का झटका लगा। झटका लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और बुरी तरह झुलस गया।

घर में मौजूद परिजनों ने शोर सुनकर तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे संभाला। आनन-फानन में उसे गांव के पास स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टर ने जांच के बाद तारिक को मृत घोषित कर दिया।

तारिक की मौत की खबर फैलते ही गांव में मातम पसर गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों की भीड़ मृतक के घर पर जमा हो गई। तारिक मिलनसार स्वभाव वाला था, इसलिए उसकी मौत से सभी गमजदा हैं।

 

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!