बदायूँ। सहसवान के सैफुल्लागंज एवं प्रमोद इंटर कॉलेज के पास जलभराव के कारण सड़क क्षतिग्रस्त होने और लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी को लेकर विधायक ब्रजेश यादव ने जिलाधिकारी बदायूँ को पत्र भेजकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में बताया कि अत्यधिक जलभराव के कारण सड़क टूट गई है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ महिलाओं, बच्चों और विद्यार्थियों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से दोनों स्थानों का तत्काल निरीक्षण कराकर नगर पालिका परिषद सहसवान को आवश्यक निर्देश जारी करने और जलनिकासी व सड़क मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने का अनुरोध किया है।
ब्रजेश यादव ने कहा कि यह समस्या लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। उन्होंने जनहित को देखते हुए प्रशासन से शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और आवागमन सुचारु हो सके।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

