मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बाराबंकी में 254 जोड़ों का हुआ विवाह, मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने दिया आशीर्वाद
शमीम अंसारी बाराबंकी
बाराबंकी। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत बुधवार, 8 जुलाई 2026 को राजकीय इंटर कॉलेज (ऑडिटोरियम), बाराबंकी में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 254 वैवाहिक जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग के राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा रहे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह, हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष राम सिंह वर्मा, पूर्व विधान परिषद सदस्य हरगोविंद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. नीलम सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) अभिलाषा त्रिपाठी, विभिन्न क्षेत्र पंचायतों के अध्यक्ष, खंड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान, पत्रकार तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उन्हें विवाह प्रमाण-पत्र वितरित किए। अपने संबोधन में मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि अब आर्थिक तंगी के कारण कोई भी वयस्क बेटी विवाह से वंचित नहीं रहेगी, क्योंकि सरकार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह का दायित्व निभा रही है।
मंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा इस योजना के अंतर्गत मिलने वाली सहायता राशि को 51 हजार रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये किए जाने का निर्णय सराहनीय है, जिसके लिए जनपद एवं प्रदेशवासी मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें सभी नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

