बिसौली, बदायूं। सावन माह और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं के मद्देनज़र उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए बिसौली पुलिस सक्रिय नजर आ रही है। खुले में मांस एवं अंडा बिक्री पर निगरानी रखते हुए गुरुवार को पुलिस ने कार्रवाई की।
कस्बा प्रभारी सुभाष ने आसफपुर तिराहे पर खुलेआम अंडा बेच रहे नितिन पुत्र दीनानाथ को रोककर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान नोकझोंक होने पर युवक को हिरासत में लिया गया और उसके खिलाफ शांति भंग की धाराओं में चालान किया गया।
इसी दौरान थाना बिसौली में शिकायत लेकर आई नन्ही पत्नी रवेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम रानेट गोविंदपुर, की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने धमकी देने के आरोप में रंजीत पुत्र जय सिंह सहित दो युवकों का भी शांति भंग की धाराओं में चालान किया।
बिसौली पुलिस का कहना है कि सावन माह और कांवड़ यात्रा के दौरान खुले में मांस एवं अंडा बेचने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा शासन के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

