सहसवान, बदायूं।नीट-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सरकारी एमबीबीएस सीट प्राप्त करने वाले नबील अहमद को बधाई देने के लिए उनके पूर्व शिक्षक शोएब अहमद तथा शिक्षक अकरम खान उनके आवास पहुंचे। इस अवसर पर दोनों शिक्षकों ने नबील अहमद का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया और उनकी इस शानदार सफलता पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
शोएब अहमद ने कहा कि नबील अहमद उनके प्राथमिक शिक्षा के समय के छात्र रहे हैं। एक शिक्षक के लिए इससे बड़ा गर्व का क्षण नहीं हो सकता कि उसका विद्यार्थी अपने परिश्रम और लगन से इतनी बड़ी सफलता प्राप्त करे। उन्होंने कहा कि नबील की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
इस अवसर पर शिक्षकों ने नबील के माता-पिता को भी बधाई देते हुए कहा कि किसी भी बच्चे की सफलता के पीछे उसके परिवार का सबसे महत्वपूर्ण योगदान होता है। नबील की इस उपलब्धि में उनके माता-पिता की मेहनत, मार्गदर्शन, त्याग और बेहतर परवरिश की अहम भूमिका रही है।
उन्होंने विशेष रूप से नबील के पिता नदीम अहमद, जो राजस्व निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं, के सरल, ईमानदार, नेक और उच्च नैतिक मूल्यों वाले व्यक्तित्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्कारी और जिम्मेदार अभिभावकों की प्रेरणा ही बच्चों को जीवन में बड़ी सफलताएं प्राप्त करने का आत्मविश्वास देती है। साथ ही उन्होंने नबील की माता के स्नेह, संस्कार और निरंतर प्रोत्साहन की भी प्रशंसा की।
अंत में दोनों शिक्षकों ने नबील अहमद के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह एक कुशल, संवेदनशील और सफल चिकित्सक बनकर समाज तथा देश की सेवा करेंगे और अपने परिवार, शिक्षकों, विद्यालय तथा जनपद का नाम रोशन करेंगे।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

