सहसवान में दिनदहाड़े एसबीआई एटीएम तोड़ने की कोशिश नाकाम, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी 

मुकीम अहमद अंसारी

सहसवान, बदायूं। नगर में आज शनिवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक अज्ञात व्यक्ति ने एसबीआई बैंक के एटीएम को तोड़ने की कोशिश की। गनीमत रही कि आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका और एटीएम मशीन सुरक्षित बच गई।

 

बताया जा रहा है कि देर रात से बरसात होने के चलते आज दोपहर सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ था और सड़कें सुनसान पड़ी हुई थी। इसी सुनसान का फायदा उठाकर एक व्यक्ति एटीएम केबिन में घुसा और मशीन के साथ छेड़छाड़ कर उसे तोड़ने का प्रयास करने लगा। काफी देर तक कोशिश करने के बाद भी जब एटीएम नहीं टूटा तो आरोपी मौके से फरार हो गया।

 

घटना की जानकारी मिलते ही बैंक कर्मियों में हड़कंप मच गया। बैंक प्रबंधन ने आनन-फानन में कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।

 

पुलिस ने एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में ले लिया है।

 

इस संबंध में थाना प्रभारी नरेश पाल सिंह ने बताया कि कैमरे चेक किये गए हैं, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति दिखाई दे रहा है। जिसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और पुलिस फोर्स अज्ञात व्यक्ति को तलाशने में जुटी हुई है।

 

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!