बाराबंकी। असंद्रा थाना क्षेत्र में बीती रात खेत की रखवाली करने गए किसान के अपहरण से सनसनी फैल गई। अपहृत किसान के पुत्र की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। यह सनसनीखेज घटना थाना क्षेत्र के ग्राम पूरे अहिरन मजरे खुसेहटी की है। यहां का निवासी साधु शरण (45) पुत्र राम लखन यादव बीती रात घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित अपने खेत में लगी धान की बेरन की रखवाली करने गया था। वहीं से अज्ञात लोग उसका अपहरण कर ले गए। रविवार सुबह मौका पाकर किसी तरह से जब उसने अपने घर फोन किया तो लोगों को इसकी जानकारी हुई। जानकारी मिलते ही परिवारी जनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पूछताछ के बाद छानबीन में जुट गई। अपहृत किसान के पुत्र शिव प्रसाद के अनुसार आज सुबह फोन कर उसके पिता ने बताया था कि जब वह खेत की रखवाली कर रहा था तभी कुछ अज्ञात लोग आए और उसकी साइकिल लेकर जाने लगे टोकने पर उक्त लोगों ने उसे पकड़ लिया और चार पहिया वाहन पर बैठा कर अपने साथ लेकर चले गए। अपहरण की इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रभारी निरीक्षक असंद्रा अमर सिंह का कहना है कि छानबीन जारी है। सर्विलांस सेल की मदद से अहम जानकारियां मिली है।
Related Posts

