शिकायतकर्ता को परिवार के भरण पोषण हेतु रोजगार के लिए जनसहयोग से नई गन्ने की मशीन उपलब्ध कराई गई-

बाराबंकी16 जून 2020 को पुलिस अधीक्षक बाराबंकी डॉ अरविंद चतुर्वेदी के दैनिक जन सुनवाई के दौरान एक पीड़ित महिला मतुल निवासी फैजुल्लागंज थाना जहांगीराबाद जनपद बाराबंकी ने उपस्थित हो कर बताया कि उसके पति जमाल कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत रामनगर तिराहे पर सड़क के किनारे गन्ने का रस निकालने की मशीन लगाकर अपने 9 सदस्यीय परिवार का भरण पोषण करते थे। बीते दिनों गन्ने का रस निकालने की उक्त मशीन चोरी हो गई, जिससे परिवार की रोजी रोटी का एकमात्र सहारा खत्म हो जाने के कारण आजीविका का संकट खड़ा हो गया। बातचीत के क्रम में ही यह जानकारी मिली कि उक्त मशीन की चोरी में जनपद बहराइच के थाना कैसरगंज क्षेत्रान्तर्गत ग्राम बड़ेला निवासी नियाज़ का हाथ है, इस पर पुलिस अधीक्षक बाराबंकी द्वारा चौकी इंचार्ज मंडी को उक्त प्रकरण की जांच हेतु निर्देशित किया गया। उ0नि0 अभिमन्यु शुक्ल चौकी इंचार्ज मंडी द्वारा थाना कैसरगंज स्थित ग्राम बड़ेला पहुंचकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से नियाज उपरोक्त को मशीन के साथ पकड़ कर बाराबंकी लाया गया। उसके साथ ग्राम प्रधान भी आये। पूछताछ के दौरान नियाज उक्त मशीन को अपनी बताता रहा तथा रंग रोगन हो जाने की वजह से पीड़िता भी उक्त मशीन को पहचान न सकी। दोनों में किसी के पास मशीन स्वामित्व का कोई कागज़ नहीं था। चौकी प्रभारी मंडी को अज्ञात चोरी का मुकदमा पंजीकृत कर बरामदगी के निर्देश दिये गए एवं उक्त शिकायतकर्ता को परिवार के भरण-पोषण हेतु रोजगार के लिए गन्ने की मशीन उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया।

पुलिस अधीक्षक बाराबंकी डॉ अरविंद चतुर्वेदी द्वारा उक्त पृष्ठभूमि के संबंध में एक लेख लिखा गया कि “जमीर अभी जिंदा है” जिसको पढ़ने के उपरांत श्रीमती अनीता भटनागर जैन (अवकाश प्राप्त आईएएस) की धात्री संस्था, साइकिल व्यापार मंडल के नवीन अरोड़ा आदि द्वारा उक्त लेख से प्रभावित होकर पुलिस अधीक्षक बाराबंकी से पीड़ित की मदद कर उसको नई मशीन देने हेतु पेशकश की गई। जिसके क्रम में आज दिनांक 10.07.2020 को श्रीमती अनीता भटनागर जैन अवकाश प्राप्त आईएएस धात्री संस्था व पुलिस अधीक्षक बाराबंकी द्वारा स्वयं, अली अहमद पूर्व ग्राम प्रधान बड़ेला जनपद बहराइच, प्रभारी चौकी मंडी श्री अभिमन्यु शुक्ला, लखनऊ साइकिल व्यापार मंडल के नवीन अरोड़ा जी, जिलाधिकारी बाराबंकी डॉ0 आदर्श सिंह आदि लोगों की पहल से एक गरीब परिवार के भरण पोषण हेतु नई गन्ने की मशीन को लाकर पीड़िता मतूल को उसके आवास ग्राम फैजुल्लागंज थाना जहांगीराबाद जनपद बाराबंकी पर जाकर प्रदान किया गया। इस अवसर पर अधिकारी कर्मचारी एवं पत्रकार बंधु मौजूद रहे। पुलिस द्वारा की गई उक्त सहयोग/सहायतार्थ पहल की जनता द्वारा सराहना की गई तथा जनता में पुलिस के प्रति विश्वास की भावना जागृत हुई।

Don`t copy text!