अयोध्या में पांच अगस्त को होगा राम मंदिर का भूमि पूजन, पीएम मोदी भी लेंगे हिस्सा
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ
नई दिल्ली । अयोध्या में राम मंदिर के लिए भूमि पूजन 5 अगस्त को होगा। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से प्रधानमंत्री कार्यालय को 3 और 5 अगस्त की तारीख भेजी गई थी। इसमें से पीएमओ ने 5 अगस्त को चुना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस भूमि पूजन में हिस्सा लेंगे।
शनिवार को मंदिर ट्रस्ट की बैठक के बाद दो तारीखें तय की गई थीं। सर्किट हाउस में हुई बैठक में चंपत राय के अलावा अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी, कामेश्वर चौपाल, नृत्यगोपाल दास, गोविंद देव गिरी महाराज और दिनेंद्र दास समेत दूसरे ट्रस्टी मौजूद रहे। ट्रस्टी नृत्यगोपाल दास ने पीएम मोदी से भूमि पूजन में शामिल होने का निवेदन किया था।
रामलला मंदिर के प्रधान पुजारी सत्येंद्र दास मांग करते रहे थे कि ट्रस्ट की बैठक में पीएम का कार्यक्रम तय किया जाए, जिससे मंदिर का निर्माण जल्द शुरू हो सके। वहीं जगद्गुरू राम दिनेशाचार्य ने कहा कि संत चाहते हैं कि पीएम मंदिर निर्माण जल्द शुरू करवाएं। दूसरी ओर, बाबरी मंस्जिद के पक्षकार रहे इक़बाल अंसारी ने भी कहा कि वे पीएम मोदी का अयोध्या में स्वागत करना चाहते हैं।
प्रधानमंत्री के पूर्व प्रधान सचिव और मंदिर ट्रस्ट की निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने गुरुवार को अयोध्या का दौरा किया था। उनके साथ ही बीएसएफ के पूर्व महानिदेशक और राम जन्मभूमि ट्रस्ट के सुरक्षा सलाहकार के केशर्मा भी थे। सर्किट हाउस में ट्रस्ट के सदस्यों के साथ करीब दो घंटे तक बैठक के बाद उन्होंने कहा कि मंदिर के डिजाइन और मॉडल पर एकमत होना इसलिए भी जरूरी है ताकि इंजीनियर इसे फाइनल रूप दे सकें।
Related Posts

