राम मंदिर मुहूर्त पर जुबानी जंग- शाह-पुजारी पर दिग्विजय के तंज पर भाजपा भड़की बताया ‘असुर’

समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ

-मुहूर्त अशुभ, देश के गृह मंत्री से पुजारी तक कोरोना संक्रमित : दिग्विजय सिंह

भोपाल । अयोध्या में भगवान श्री राम के मंदिर के भूमि पूजन के मुहूर्त को लेकर राजनीतिक जुबानी जंग चरम पर पहुंच गई है। राम मंदिर को लेकर दिग्विजय सिंह के ट्वीट पर गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पलटवार किया है। नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि हम अनादि काल से देखते आ रहे हैं कि जब भी कुछ अच्छा होता है तो असुर समस्याएं पैदा करने की कोशिश करते हैं। दिग्विजय सिंह भी ऐसा ही कर रहे हैं। दरअसल, दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर के मुहूर्त को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि हिंदू प्रथाओं की अनदेखी की वजह से गृह मंत्री अमित शाह कोरोना संक्रमित हो गए हैं। साथ ही दिग्विजय सिंह ने यूपी की मंत्री की मौत को भी इसी से जोड़ा था। इसे लेकर भाजपा आग बबूला हो गई है। नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि कमलनाथ जी सुंदरकांड करा रहे हैं, तो दूसरी ओर दिग्विजय सिंह लंकाकांड में व्यस्त हैं। इतिहास गवाह है कि जब-जब कोई धार्मिक कार्य होता है तो आसुरी शक्तियां विध्न बाधाएं डालतीं हैं। कमोवेश ये उसी तरह की राजनीति है, भगवान उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे। दिग्विजय सिंह का इस तरह से ट्वीट करना ठीक नहीं है।

मालूम हो कि इससे पहले मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने मंदिर पूजन के मुहूर्त और गृह मंत्री अमित शाह से लेकर मंदिर के पुजारी के कोरोना संक्रमण को इससे जोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और हिंदू परंपराओं के उल्लंघन का नतीजा है यह। दिग्विजय ने एक के बाद एक सिलसिलेवार ट्वीट करते हुए कहा कि मंदिर पूजन के लिए हिंदू धर्म की मान्यताओं को नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने कहा कि इसी के कारण देश गृह मंत्री अमित शाह से लेकर राम मंदिर के पुजारी तक कोरोना संक्रमित हो गए हैं।

दिग्विजय ने आज ट्वीट कर लिखा, ‘सनातन हिंदू धर्म की मान्यताओं को नजरअंदाज करने का तरीका। 1- राम मंदिर के समस्त पुजारी कोरोना पॉजिटिव। 2- उत्तर प्रदेश की मंत्री कमला रानी वरुण का कोरोना से स्वर्गवास। 3 उत्तर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष कोरोना पॉजिटिव, अस्पताल में।’ उन्होंने एक और ट्वीट में लिखा, ‘ 4- भारत के गृह मंत्री अमित शाह कोरोना पॉजिटिव अस्पताल में। 5-मध्य प्रदेश में भाजपा के मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कोरोना पॉजिटिव, अस्पताल में। 6- कर्नाटक में भाजपा के सीएम कोरोना पॉजिटिव, अस्पताल में। कई संतों के अलावा काशी के ज्योतिष भी तय मुहूर्त पर प्रश्न उठा रहे हैं। शंकराचार्य स्वपरूपानंद सरस्वती ने भूमि पूजन के तय वक्त को अशुभ बताया था। इससे पहले उनके शिष्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने भी अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट कर मंदिर के शिलान्यास की तय तिथि यानि 5 अगस्त को अशुभ बताया था।

काशी के संतों के साथ ही ज्योतिषी मंदिर शिलान्यास को लेकर तय मुहूर्त पर सवाल खड़े कर रहे हैं। संतों और ज्योतिषियों के अनुसार, मंदिर के शिलान्यास के लिए तय इस तारीख के मुहूर्त से समय को उस दिन का सबसे अशुभ समय बताया जा रहा है। शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती ने भूमि पूजन के तय वक्त को शुभ नहीं बताया है। उन्होंने कहा कि 5 अगस्त को दक्षिणायन भाद्रपद मास कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है। शास्त्रों में भाद्रपद मास में गृह, मंदिरारंभ कार्य निषिद्ध है। उन्होंने इसके लिए विष्णु धर्म शास्त्र और नैवज्ञ बल्लभ ग्रंथ का हवाला दिया।

Don`t copy text!