कस्बा सुरीर में बारूद और आतिशबाजी का अवैध भंडारण करना कई लोगों के लिए भारी पड़ गया। जिस मकान में बारूद का भंडार रखा था, वो धमाके से ढहा गया। आसपास के कई मकान भी ध्वस्त हो गए। घटना में एक युवक की मौत हो गई, छह से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इनका उपचार चल रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार धमाका इतनी तेज था कि पूरा इलाका दहल गया। मकानों का मलबा काफी दूर जाकर गिरा। सुबह मकानों का हाल देखकर लोग सहम गए।
घटना शुक्रवार रात तकरीबन एक बजे की है। मोहल्ला थोक कलां के लोग घरों में सो रहे थे, तभी तेज धमाके की आवाज से सबकी नींद टूट गई। मोहल्ले में चीख-पुकार मचने लगी। लोगों ने घरों से बाहर निकलकर देखा तो हर तरफ धुआं ही धुआं था। कुछ ही देर में उन्हें पता चल गया कि जोगेंद्र सिंह के मकान में धमाका हुआ है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जोगेंद्र अपने दो मंजिला मकान में ही आतिशबाजी का काम कर रहा था।
दीपावली के त्योहार को नजदीक देखकर जोगेंद्र ने मकान में ही पटाखे बनाने के लिए बारूद और आतिशबाजी के सामान का अवैध भंडारण कर रखा था। मकान में भारी मात्रा में बारूद था। तेज धमाके से उसको दो मंजिला मकान ढह गया। आसपास बॉबी जोशी, जवाहर और बृजकिशोर के मकान भी ध्वस्त हो गए। धमाका कितनी तेज हुआ होगा, इसका अंदाजा इसी से लगा सकते है कि मकानों का मलबा काफी दूर तक जा गिरा।जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर उसमें दबे लोगों को बाहर निकाल कर अस्पताल भिजवाया गया। जहां उपचार के दौरान जोगेंद्र की मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी शिवानी, मां इंद्रवती, बहन कल्लो, शशि, पड़ोसी बॉबी जोशी, महेंद्र, विमला और दिव्यांशु समेत कई लोग घायल हैं।घटना की सूचना पर एसडीएम मांट सुरेश कुमार, एसपी देहात श्रीश चंद और सीओ रविकांत पाराशर ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। एसपी देहात श्रीश चंद ने बताया कि आतिशबाजी के भंडारण से विस्फोट हुआ है। प्राथमिक जांच में बारूद के अवैध भंडार की बात सामने आई है। मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।
रिपोर्ट – सएम न्यूज24टाइम्स .

