एटा। जिलाधिकारी सुखलाल भारती ने बुधवार को अपरान्ह में जनपद में 01 अक्टूबर 2020 से लेकर 31 जनवरी 2021 तक होने वाली धान खरीद को लेकर की गई तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक की। डीएम ने समीक्षा बैठक में मौजूद केन्द्र प्रभारियों, संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस बार धान खरीद वृहद स्तर पर होनी चाहिए, केन्द्रों द्वारा आवंटित लक्ष्य की हर हाल में पूर्ति की जाए।
डीएम ने कहा कि इस बार धान खरीद हेतु खाद्य विभाग के 06, पीसीएफ के 04 एवं एफसीआई का एक केन्द्र बनाया गया है, जिन पर किसान भाईयों से खरीद की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभी से किसान भाईयों से सम्पर्क स्थापित करें, जिससे कि धान खरीद के लक्ष्य को पूर्ण किया जा सके। केन्द्र पर किसान भाईयों हेतु समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जाएं, केन्द्र पर किसानों का शोषण होने की शिकायत नहीं आनी चाहिए। विभाग द्वारा बारदाने सहित अन्य व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व केशव कुमार, एआरकाॅपरेटिव महावीर सिंह, डिप्टी आरएमओ नन्द किशोर, केन्द्र प्रभारी आदि मौजूद रहे।
शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स .

