लखनऊ : पेड़ से लटका मिला महंत का शव, ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका
शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स .
पेड़ से लटका मिला महंत का शव, हत्या की आशंका
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में साधुओं के साथ हो रही आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला राजधानी लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र का है। यहां एक भगवा वस्त्र पहने साधु का शव पेड़ से लटका मिलने से हड़कंप मच गया।
लकड़ी बीनने गई महिलाओं ने साधु के भेष में युवक का शव जंगल में लटका देखा तो उनके होश उड़ गए। चीख-पुकार सुनकर वनकर्मी मौके पर आए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तब तक ग्रामीणों का जंगल में जमावड़ा लग गया। ग्रामीणों ने बताया कि भगवा वस्त्र पहने महंत के हाथ पर पहले से प्लास्टर लगा हुआ था तो वह फांसी कैसे लगा सकते हैं? ग्रामीणों ने हत्या कर शव फांसी पर लटकाए जाने की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है। आरोप है कि कवरेज करने गए मीडियाकर्मियों को वन विभाग के अधिकारियों ने बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट भी की। इस पूरे मामले में पत्रकारों ने ठाकुरगंज थाने में शिकायत की है जिसके आधार पर भी पुलिस जांच कर रही है। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक काकोरी प्रमेन्द्र सिंह ने बताया कि मृतक की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई। मृतक कोई महंत नहीं लग रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भगवा वस्त्र पहनने से महंत नहीं हो जाता है। उसके हाथ में प्लास्टर था ऐसा लग रहा है कि बीमारी से तंग आकर उसने ख़ुदकुशी की होगी। फ़िलहाल पूरे मामले की तफ्तीश की जा रही है।