ओम प्रकाश शर्मा का बनाया गया देवीपाटन मंडल अध्यक्ष
सीतापुर। हमारा संगठन किसानों, नौजवानों, गरीब, असहाय, पीड़ित व प्रताड़ित महिला- पुरुषों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने व उनके निराकरण कराने के लिए सदैव तत्पर है।
उक्त विचार जनकल्याण किसान एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के चेयरमैन धर्म कुमार यादव ने सीतापुर में संगठन के कार्यालय का फीता काटकर उद्घाटन करने के उपरांत व्यक्त किए। इसके अलावा संगठन के मांग पत्र पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कोरोनावायरस जैसी महामारी के चलते लॉकडाउन के दरमियान में प्रत्येक वर्ग प्रभावित हुआ है। जिसमें किसान, गरीब, मजदूर की आर्थिक स्थिति सबसे अधिक कमजोर हुई है। इसलिए संगठन यह मांग करता है कि हमारे किसानों का पिछला बकाया कृषि ऋण माफ किया जाए । किसानों एवं पत्रकारों के सम्मान व सुरक्षा के लिए कोई ठोस कानून बनाया जाए। हाई स्कूल पास नौजवान युवक-युवतियों को रोजगार हेतु ब्याज मुक्त आसान किस्तों पर कर्ज दिया जाए। झोलाछाप डॉक्टरों को प्रशिक्षित कर उन्हें प्रशिक्षण योग्यता के अनुसार इलाज करने की अनुमति प्रदान की जाए।घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं का पिछला बकाया विद्युत बिल माफ किया जाए।सरकार द्वारा लागू किये गए किसान विरोधी कानून वापस लिए जाए आदि पर विस्तार पूर्वक चर्चा करते हुए उपस्थित सभी किसान हितैषी महिला – पुरुषों से संगठन में जुड़ने की अपील की। इसके साथ उन्होंने कार्यक्रम की आयोजक व सीतापुर मातृशक्ति जिला अध्यक्ष आरती यादव को धन्यवाद देते हुए कहा कि आज अपने संगठन का पहला कार्यालय एक शक्ति स्वरूपा के द्वारा शुभारंभ किया गया है इससे मुझे आशा नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास है कि संगठन को ऊंचाइयां अवश्य प्राप्त होंगी ।इसी क्रम में प्रदेश प्रवक्ता सतीश चंद ने भी संगठन के मांग पत्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बेरोजगारी के साथ हमें अच्छी शिक्षा भी अपने बच्चों को दिलाना होगा जिसके लिए सरकार प्राइवेट व सरकारी स्कूलों की पुस्तके समान रूप से लागू कर उन्हें बाजार में सुचारू रूप से उपलब्ध कराई जाए। यदि सरकार हमारी 25 सूत्रीय मांगों को नजरअंदाज करती है तो हमारा संगठन सड़क से संसद तक आंदोलन करने के लिए कटिबद्ध होगा ।इसी क्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष अमित कुमार सिंह, बाराबंकी जिलाध्यक्ष सुनील कुमार यादव व जिला सचिव संजय यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का कुशल संचालन कर रहे ओम प्रकाश शर्मा पत्रकार को संगठन का देवीपाटन मंडल अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया। साथ ही आरती यादव को सीतापुर कार्यालय प्रभारी नियुक्त प्रभारी भी बनाया गया। इस अवसर पर रमाकांत अवस्थी, मुनेंद्र दीक्षित, तालिब खान, रचित निगम ,संध्या सिंह, अखिलेश पांडेय, धीरेंद्र श्रीवास्तव, दिलीप मिश्रा, हितेश कुमार गुप्ता ,डॉक्टर जे एन चौरसिया, सपना श्रीवास्तव सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।

