बहराइच 05 दिसम्बर। बेसिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में चयनित सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरण किये जाने का शुभारम्भ प्रदेश के मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया। इस अवसर पर जिला सूचना विज्ञान केन्द्र के वीडियो कांफ्रेंसिंग रूम में 10 तथा 730 नवनियुक्त सहायक अध्यापकों को काउन्सिलिंग स्थल राजकीय इण्टर कालेज में सांसद बहराइच अक्षयवर लाल गोंड, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, जिलाधिकारी शम्भु कुमार व मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना द्वारा जनपद के लिए चयनित सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरण किया गया।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार यादव ने बताया कि जनपद बहराइच में कुल 832 अभ्यर्थियों की सूची सचिव, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज के कार्यालय द्वारा उपलब्ध करायी गयी थी। चयनित अभ्यर्थियों की काउन्सिलिंग राजकीय इण्टर कालेज में 02 से 04 दिसम्बर 2020 तक की गयी। काउन्सिलिंग में कुल 762 अभ्यर्थियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। 70 अभ्यर्थी काउन्सिलिंग में अनुपस्थित रहे।
श्री यादव ने बताया कि जनपदीय चयन समिति की संस्तुति के उपरान्त 740 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया। जबकि 22 अभ्यर्थियों के अभिलेखों/आनलाइन आवेदन में विसंगति के कारण उनका नियुक्ति पत्र रोका गया है। उनकी द्वितीय काउन्सिलिंग नवीन आदेश के अनुपालन में की जायेगी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों द्वारा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में 07 दिवस के भीतर कार्यभार ग्रहण किया जायेगा। विद्यालय आवंटन के सम्बंध में पृथक से निर्देश प्राप्त होने के उपरान्त कार्यवाही की जायेगी।

