दबंगों ने गिराया विधवा महिला का निर्माणाधीन पीएम आवास व रात में जलाया फूस का मकान
अब्दुल जब्बार एडवोकेट व डॉ0 मो0 शब्बीर की रिपोर्ट
भेलसर(अयोध्या)पटरंगा थाना क्षेत्र के पटरंगा गांव में एक विधवा महिला का उसी गांव के कुछ दबंग लोगों ने उसका निर्माणाधीन पीएम आवास को दिनदहाड़े गिरा दिया और रात को उसके फूस के मकान में आग लगा कर जला दिया।उसी के अंदर सो रही माँ बेटी ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई।आवास गिराने व आग लगाने की शिकायत पीड़ित ने पटरंगा एसओ से की।
जानकारी के अनुसार थाना पटरंगा के पटरंगा गांव निवासी विधवा महिला प्रेमा देवी पत्नी स्वर्गीय सतगुरु प्रसाद को पात्र की श्रेणी में आने पर सरकार द्वारा पीएम आवास योजना का लाभ दिया गया।पीड़ित का आरोप है कि पड़ोसी रामदीन,हरिबक्स,शिवपता,हरीश,रामलली व विजय देवी ने पहले तो आवास बनने से रोका लेकिन जब बुधवार को आवास की दीवाल लगभग पांच फिट तक उठ गई थी तभी पड़ोसियों ने अपनी दबंगई के बल पर दिन दहाड़े दीवाल को तोड़ कर गिरा दिया और मौके से भाग गए।विधवा महिला ने आरोप लगाते हुए बताया कि आवास विपक्षियों द्वारा गिराए जाने की शिकायत पटरंगा थाना प्रभारी रामकिशन राणा से की और जब वापस घर आयी और रात में अपनी छोटी बेटी के साथ भोजन उपरांत बगल रखे छप्पर में सो गई।तभी रात लगभग ग्यारह बजे अचानक फूस का छप्पर जलने लगा यह देख आस पास के लोगों ने किसी प्रकार महिला व बच्ची को निकाल कर उसकी जान बचाई लेकिन तब तक छप्पर जलकर राख हो गया।महिला ने पूरी घटना के बारे में रात में ही पुलिस को अवगत करा दिया था।विधवा महिला का आरोप है कि मंगलवार की शाम को पुलिस ने विधवा महिला से कहा कि जाओ अपना मकान बनाओ।विधवा महिला प्रेमा देवी ने पहले ही उच्चाधिकारियों व पटरंगा पुलिस से पड़ोसी से जान को खतरा बताते हुए मदद की गुहार लगायी थी लेकिन मदद के बजाय पुलिस विपक्षी से मिलकर मकान गिरवा दिया और रात में मुझे और मेरी बेटी को उसी फुस के मकान में जला कर मार देने की नियत से आग लगा दिया।इस सम्बंध में थानाध्यक्ष पटरंगा आर के राना ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

