मुंबई । विमानन नियामक (डीजीसीए) ने अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक यात्री उड़ान सेवाओं पर रोक को आगे बढ़ा दिया। अब अंतरराष्ट्रीय उड़ानें 31 मार्च तक बंद रहेंगी। इससे पहले अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध की अवधि को बढ़ाकर 28 फरवरी किया गया था। कोविड-19 महामारी के कारण शेड्यूल्ड अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का परिचालन पिछले साल 23 मार्च से निलंबित है। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एक सर्कुलर में कहा कि सक्षम प्राधिकरण ने 26 जून, 2020 के सर्कुलर की वैधता बढ़ा दी है। इसके तहत भारत से और भारत के लिए शेड्यूल्ड अंतरराष्ट्रीय यात्री सेवाएं 31 मार्च 2021 तक 23.59 मिनट तक निलंबित रहेंगी। हालांकि चुनिंदा मार्गों पर अंतरराष्ट्रीय शेड्यूल्ड उड़ानों को सक्षम प्राधिकरण द्वारा मामला-दर-मामला आधार पर अनुमति दी जा सकती है। सर्कुलर के अनुसार पाबंदी मालवाहक उड़ानों और डीजीसीए की मंजूरी वाली उड़ानों पर लागू नहीं होगा।
Related Posts

