सुरक्षात्मक प्रोटोकाल का कराया जाय अनुपालन
बहराइच 07 अप्रैल। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में स्थापित एकीकृत कोविड कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेन्टर में मंगलवार को देर शाम आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी शम्भु कुमार ने निर्देश दिया कि कोविड-19 संक्रमण के द्वितीय फेज के दृष्टिगत गठित निगरानी समितियों को पूरी तरह से सक्रिय कर दिया जाय। सभी समितियों को निर्देशित कर दिया जाय कि वे आमजन को कोरोना के संक्रमण से बचाव हेतु सोशल डिस्टेंसिंग, साफ-सफाई, स्वच्छता, सेनेटाइजेशन इत्यादि के बारे में जागरूक करें एवं बाहर से आने वालों पर सतर्क दृष्टि बनाये रखें तथा लक्षणयुक्त लोगों की शत-प्रतिशत जाॅच भी करायी जाय। बैठक के दौरान रैपिड रिस्पांस टीम की गतिविधियों के सम्बंध में संतोष जनक उत्तर न दिये जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए आर.आर. टीम के नोडल उप मुख्य चिकित्साधिकारी का वेतन बाधित करने व स्पष्टीकरण प्राप्त किये जाने का सीएमओ निर्देश दिया।

